फोन पर बात करने को लेकर झगड़ा, डंडे से पीट-पीटकर ली जान

हरदोई – जिले के बिलग्राम क्षेत्र में एक घरेलू विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया, जहां पति के गुस्से ने पत्नी की जान ले ली। गांव गनीपुर में हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

बताया जा रहा है कि रात के समय महिला अपने मोबाइल फोन पर बातचीत कर रही थी, जिसे लेकर पति को आपत्ति थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे बढ़ती चली गई। विवाद के दौरान आरोपी पति ने पहले फोन तोड़ दिया और फिर गुस्से में आकर पत्नी पर हमला कर दिया।

  पिटाई के दौरान डंडा महिला के सिर पर लग गया, जिससे वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ी। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के वक्त घर में मौजूद बच्चों ने भी झगड़े की पुष्टि की है।

मृतका के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराने के लिए शिकायत दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

अधिकारियों का कहना है कि आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *