अज्ञात हमलावरों ने 45 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर की हत्या

बिहार। रोहतास जिले में बीती रात गोलीबारी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। दरिगांव थाना क्षेत्र के बभनगांवा गांव में हुई इस वारदात के बाद इलाके में तनाव फैल गया है और पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, बभनगांवा गांव में 45 वर्षीय दीपू साह की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब वह रात में अपने घर लौट रहे थे। अचानक रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रारंभिक जांच में यह मामला पुरानी दुश्मनी से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। बताया जाता है कि दो वर्ष पहले जमीन और पैसों के विवाद को लेकर हुए एक हत्या मामले में दीपू साह आरोपी था और कुछ समय पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना में कई स्थानीय लोग शामिल हैं, जिन्होंने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

सूचना मिलते ही रौशन कुमार मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *