मुफ्त में मछली न देने पर युवक की हत्या, चार घंटे के प्रदर्शन के बाद हत्या का केस दर्ज

टीकमगढ़। जिले के दिगौड़ा थाना क्षेत्र के भगवंतपुरा गांव में एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मुफ्त में मछली देने से इंकार करने पर हुए झगड़े में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजन और ग्रामीण शव लेकर थाने पहुंच गए और आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग को लेकर देर रात तक प्रदर्शन किया।

जानकारी के मुताबिक, भगवंतपुरा निवासी 27 वर्षीय बबलू केवट गांव के पास एक नाले में मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान पड़वार गांव का रहने वाला सुभाष यादव वहां पहुंचा और उससे बिना पैसे मछली देने की बात कही। बबलू के मना करने पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।

आरोप है कि गुस्से में आए सुभाष यादव ने बबलू पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। घायल युवक को पहले जिला अस्पताल टीकमगढ़ ले जाया गया, जहां से उसे झांसी और बाद में ग्वालियर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। उपचार के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई।

मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। बड़ी संख्या में लोग शव लेकर दिगौड़ा थाने पहुंचे और आरोपी पर हत्या की धाराएं लगाने की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि शुरुआती स्तर पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।

करीब चार घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा दिया। देर रात आरोपी सुभाष यादव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण शांत हुए।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल गांव और आसपास के क्षेत्र में स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस निगरानी बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *