फैक्ट्री में खौफनाक हत्या: साथी ने स्टूल से वार कर कारीगर को उतारा मौत के घाट

लुधियाना- सिविल सिटी के संधू नगर से सटे जवंद विहार इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक फैक्ट्री में काम करने वाले कारीगर की उसके ही साथी ने हत्या कर दी। मृतक की पहचान धर्मेंद्र के रूप में हुई है, जो पिछले कई वर्षों से फैक्ट्री में काम कर रहा था।

घटना उस समय हुई जब रात के दौरान फैक्ट्री में मौजूद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झगड़े में बदल गई और आरोपी ने स्टूल से धर्मेंद्र के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

सुबह जब अन्य कर्मचारी फैक्ट्री पहुंचे तो धर्मेंद्र को खून से सना पड़ा देख हड़कंप मच गया। तुरंत फैक्ट्री मालिक और पुलिस को सूचना दी गई। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मृतक का रिश्तेदार (भतीजा) है, जिसे कुछ समय पहले धर्मेंद्र ही काम दिलाने के लिए फैक्ट्री में लेकर आया था।

पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। इस घटना से मृतक के परिवार में शोक की लहर है। धर्मेंद्र अपने पीछे पत्नी और एक छोटी बेटी को छोड़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *