गुरुग्राम में सनसनी: PG के कमरे में MBBS छात्र का सड़ा-गला शव बरामद

गुरुग्राम – गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर थाना क्षेत्र में स्थित एक पीजी में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव उसके कमरे से बरामद हुआ। मृतक की पहचान 30 वर्षीय अंकित के रूप में हुई है, जो एमबीबीएस के अंतिम वर्ष का छात्र था और महेंद्रगढ़ के खामपुर गांव का रहने वाला था।

बताया जा रहा है कि अंकित पिछले कुछ महीनों से शंकर की ढाणी इलाके में स्थित एक पीजी में रह रहा था। बुधवार शाम को कमरे से तेज बदबू आने पर पीजी संचालक ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा, जो अंदर से बंद था। कमरे के अंदर युवक का शव पंखे से लटका मिला।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि युवक ने करीब चार से पांच दिन पहले फंदा लगाकर आत्महत्या की थी। कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने फॉरेंसिक और फिंगरप्रिंट टीम को बुलाकर मौके का निरीक्षण कराया है।

परिजनों के अनुसार, अंकित काफी कम बोलने वाला था और हाल ही में परिवार से भी उसकी बातचीत कम हो गई थी। 15 अप्रैल के बाद से उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था, जिससे परिवार को चिंता थी।

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में युवक के मानसिक रूप से परेशान होने की बात सामने आई है। फिलहाल परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *