खन्ना में AAP नेता अविनाश जल्ला को रंगदारी की धमकियां, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

खन्ना- खन्ना में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और आढ़ती एसोसिएशन पंजाब के उपाध्यक्ष अविनाश प्रीत सिंह जल्ला को लगातार जान से मारने की धमकियां मिलने से हड़कंप मच गया है। व्हाट्सऐप कॉल और ऑडियो मैसेज के जरिए कथित तौर पर रंगदारी मांगी जा रही है, जिसके बाद पुलिस ने उनकी सुरक्षा बढ़ा दी है।

जानकारी के मुताबिक विदेश में बैठे शगनप्रीत सिंह पर धमकी देने के आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इसी गिरोह द्वारा गैंगस्टर नेटवर्क के जरिए आढ़तियों को निशाना बनाया गया था और पायल अनाज मंडी के एक कारोबारी से करीब एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी।

मामले में शगनप्रीत सिंह के पिता की गिरफ्तारी के बाद धमकियों का सिलसिला और तेज हो गया। आरोप है कि आढ़ती की दुकान पर फायरिंग की घटना भी सामने आई थी। अब अविनाश प्रीत सिंह जल्ला को सीधे कॉल कर धमकियां दिए जाने के बाद पुलिस अलर्ट मोड में है।

डीएसपी पायल हरमनदीप सिंह चीमा के मुताबिक पुलिस गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई कर चुकी है। नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और शूटरों को भी दबोचा जा चुका है। विदेश में बैठे आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तेज कर दी गई है। वहीं जल्ला की सुरक्षा के लिए गनमैन तैनात करने के साथ इलाके में पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *