ग्रेटर नोएडा में दोस्त ही निकला कातिल, सोने के कड़ों के लालच में की हत्या; शव जलाकर पहचान मिटाने की कोशिश

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में कासना कोतवाली पुलिस ने तीन दिन पहले नहर किनारे मिले एक युवक के जले हुए शव की गुत्थी को सुलझाते हुए उसके ही दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान 19 वर्षीय शहजाद उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है। आरोप है कि शहजाद ने सोने के कड़े लूटने की नीयत से अपने घनिष्ठ मित्र की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी और पहचान छुपाने के लिए शव पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

मां के कड़े चोरी कर बेचने निकला था मृतक
एडीसीपी (ग्रेटर नोएडा) संतोष कुमार ने बताया कि 12 जून को चीरसी गांव के पास नहर किनारे एक आंशिक रूप से जला हुआ अज्ञात शव मिला था। बाद में उसकी पहचान दनकौर क्षेत्र के दौला राजपुर निवासी 23 वर्षीय हुजैफ के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि हुजैफ नया मोबाइल खरीदना चाहता था और एयर कंडीशनर (AC) का काम शुरू करने के लिए उसे पैसों की जरूरत थी। परिवार से पैसे न मिलने पर उसने अपनी मां के चार सोने (पीली धातु) के कड़े चोरी कर लिए थे और उन्हें बेचने के लिए अपने दोस्तों और शहजाद से मदद मांगी थी।

कड़ों पर नियत खराब हुई, सुनसान जगह ले जाकर उतारा मौत के घाट
हुजैफ के पास सोने के कड़े होने की जानकारी मिलते ही शहजाद की नीयत खराब हो गई। 12 जून को कड़े बिकवाने का झांसा देकर वह हुजैफ को अपनी बाइक पर बैठाकर चंद्रावल गांव के पास नहर किनारे ले गया। वहां दोनों ने पहले नशा किया और फिर मौका देखकर शहजाद ने डंडे से हुजैफ के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

डर के मारे दोबारा लौटा और शव को लगा दी आग
हत्या करने के बाद आरोपी कड़े लेकर भाग गया था, लेकिन कुछ दूर जाने के बाद उसे डर सताने लगा कि कहीं हुजैफ जिंदा न बच गया हो। इस खौफ के कारण वह दोबारा घटनास्थल पर लौटा। शव की पहचान पूरी तरह मिटाने के लिए उसने अपनी बाइक से पेट्रोल निकाला, शव पर छिड़का और आग लगा दी। हालांकि, आग की लपटें तेज होने और ग्रामीणों के आने के डर से वह शव को नहर में फेंकने का अपना प्लान पूरा किए बिना ही वहां से भाग निकला।

पुलिस की तीन विशेष टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से सोमवार को आरोपी शहजाद को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल खून से सना डंडा, तीन कड़े और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली गई है। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *